उत्तराखंड में पंतनगर हवाई अड्डा विस्तार को बुधवार को पर्यावरणीय मंज़ूरी मिल गयी। विस्तारीकरण के बाद इसके रनवे की लंबाई वर्तमान 1,372 मीटर से बढ़कर 3,000 मीटर हो जाएगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण ने राज्य स्तरीय पर्यावरण प्रभाव मूल्यांकन समिति (एससीईआईए) की संस्तुति पर इस परियोजना को पर्यावरणीय स्वीकृति देने का निर्णय लिया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस स्वीकृति का स्वागत करते हुए पंतनगर हवाई अड्डे के विस्तार को कुमाऊं के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया और कहा कि 3,000 मीटर के रनवे पर बड़े विमान उतर सकेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘इससे पर्यटन, उद्योग और रोज़गार को नयी गति मिलेगी और आपदा के समय राहत कार्यों में भी मदद मिलेगी। इस विस्तार में किसी परिवार को विस्थापित नहीं करना पड़ेगा। पर्यावरण से जुड़ी सभी शर्तों का पूरी तरह पालन कराया जाएगा। हम केंद्र सरकार और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के साथ मिलकर इस कार्य को तय समय में पूरा कराएंगे।’’ एएआई के ऊधमसिंह नगर जिले के पंतनगर हवाई अड्डे के विस्तार के प्रस्ताव में रनवे, टर्मिनल भवन, एप्रन, टैक्सीवे और इनसे जुड़े ढांचों का विस्तार शामिल है। परियोजना की अनुमानित लागत 375.33 करोड़ रुपए है। अधिकारियों ने बताया कि विस्तार के बाद हवाई अड्डे का कुल क्षेत्रफल लगभग 321.48 हेक्टेयर हो जाएगा। इसमें से 109.017 हेक्टेयर मौजूदा हवाई अड्डे की भूमि है और 212.46 हेक्टेयर अतिरिक्त गैर-वन भूमि है। उन्होंने बताया कि इसमें किसी को विस्थापित या पुनर्वासित नहीं करना पड़ेगा और समतल कृषि और खुली भूमि को विमानन उपयोग में लिया जाएगा। विस्तार के बाद रनवे की लंबाई 1,628 मीटर बढ़कर 3,000 मीटर हो जाएगी। वर्तमान में इसकी लंबाई 1372 मीटर है। विस्तारीकरण के बाद टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल 937 वर्ग मीटर से बढ़कर 9,437 वर्ग मीटर हो जाएगा जिसमें 8,500 वर्ग मीटर नया निर्माण होगा। विस्तारीकरण के बाद पंतनगर हवाई अड्डे की क्षमता हर साल 10.1 लाख यात्रियों की आवाजाही की हो जाएगी। हवाई अड्डे में मौजूदा 48.19 हेक्टेयर हरित क्षेत्र के अलावा लगभग पांच हेक्टेयर नया हरित क्षेत्र विकसित किया जाएगा।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal