Thursday , November 19 2026

KKR के Jay Mehta बेचेंगे 22.5 परसेंट हिस्सेदारी, Ares Management करेगा निवेश

आईपीएल की सबसे लोकप्रिय टीमों में शामिल कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के मालिकाना हक में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। टीम के सह-मालिक जय मेहता अपनी हिस्सेदारी का आधा हिस्सा अमेरिका की निवेश कंपनी एरेस मैनेजमेंट को बेचने जा रहे हैं। इस सौदे की कीमत करीब 400 मिलियन डॉलर यानी लगभग 3,700 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके बाद एरेस मैनेजमेंट भी आईपीएल की इस तीन बार की चैंपियन टीम में बड़ा हिस्सेदार बन जाएगा। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, जय मेहता के पास केकेआर में 45 प्रतिशत हिस्सेदारी है। वह इसमें से 22.5 प्रतिशत हिस्सा एरेस मैनेजमेंट को सौंप रहे हैं। इस सौदे के आधार पर पूरी टीम का मूल्यांकन करीब 1.78 अरब डॉलर यानी लगभग 16,634 करोड़ रुपये किया गया है। हालांकि, इस सौदे को अभी औपचारिक मंजूरी मिलना बाकी है। इससे पहले स्पोर्टिको ने भी केकेआर की कीमत करीब 1.738 अरब डॉलर आंकी थी। टीम की कीमत का अंदाजा हाल में हुई दूसरी आईपीएल फ्रेंचाइजी की बिक्री से भी लगाया जा सकता है। राजस्थान रॉयल्स का सौदा करीब 15,660 करोड़ रुपये और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सौदा लगभग 16,660 करोड़ रुपये में हुआ था। ऐसे में केकेआर का मौजूदा मूल्यांकन आईपीएल की दूसरी बड़ी टीमों के आसपास पहुंच गया है। बता दें कि जय मेहता अपनी पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री जूही चावला के साथ केकेआर के सह-मालिक हैं। टीम में बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की सबसे बड़ी हिस्सेदारी 55 प्रतिशत है। तीनों ने मिलकर कोलकाता नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी बनाई थी। इसी कंपनी के जरिए उन्होंने 2007 में केकेआर को खरीदा था। उस समय भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने ललित मोदी की अगुवाई में आईपीएल की पहली 8 टीमों की बिक्री की थी। मौजूद जानकारी के अनुसार, जय मेहता और एरेस मैनेजमेंट के बीच यह सौदा पूरी तरह नकद भुगतान के जरिए होगा और इसे जल्द पूरा किए जाने की संभावना है। हालांकि, इसके लिए बीसीसीआई की औपचारिक मंजूरी जरूरी होगी। बोर्ड नए निवेशक की जांच-पड़ताल भी करेगा। इस सौदे से बीसीसीआई को भी आर्थिक फायदा होगा। नियमों के मुताबिक, बोर्ड को लेन-देन की कुल रकम का 5 प्रतिशत हिस्सा मिलेगा। इस हिसाब से उसे करीब 20 मिलियन डॉलर यानी लगभग 200 करोड़ रुपये मिल सकते हैं गौरतलब है कि आईपीएल में अमेरिकी निवेश कंपनियों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है। साल 2022 में सीवीसी कैपिटल ने गुजरात टाइटंस का अधिग्रहण किया था। बाद में इस टीम को टोरेंट समूह को बेच दिया गया, हालांकि सीवीसी ने इसमें 33 प्रतिशत हिस्सेदारी अपने पास रखी। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु में भी अमेरिका की ब्लैकस्टोन और बोल्ट वेंचर्स जैसी कंपनियों का निवेश है। इसके अलावा आदित्य बिड़ला समूह और टाइम्स समूह भी इस टीम के निवेशकों में शामिल हैं। एरेस मैनेजमेंट के लिए क्रिकेट में निवेश का यह पहला मौका नहीं है। कंपनी पहले से ही इंग्लैंड की द हंड्रेड प्रतियोगिता की टीम ट्रेंट रॉकेट्स की सह-मालिक है। इसमें उसकी साझेदारी केन इंटरनेशनल के साथ है। इसके अलावा एरेस का निवेश फुटबॉल क्लब चेल्सी और अमेरिकी फुटबॉल टीम मियामी डॉल्फिन्स से जुड़े खेल कारोबार में भी है। केकेआर ने अब तक 2012, 2014 और 2024 में आईपीएल का खिताब जीता है। टीम 2021 में उपविजेता भी रही थी। ऐसे में जय मेहता की हिस्सेदारी का यह सौदा आईपीएल में बढ़ते निवेश और टीमों की बढ़ती बाजार कीमत को दिखाता है। हालांकि, जय मेहता ने इस मामले पर पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दिया है और सौदे को अंतिम रूप देने के लिए बीसीसीआई की मंजूरी का इंतजार है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com