Friday , November 13 2026

लखनऊ को मिलेगी विकास की बड़ी सौगात : रक्षामंत्री और मुख्यमंत्री करेंगे कई परियोजनाओं का शुभारंभ

राजधानी लखनऊ के विकास को नई रफ्तार मिलने वाली है। 23 नवंबर को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शहर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ कई परियोजनाओं की सौगात दे सकते हैं। आवास विकास की सौमित्र विहार और एलडीए की आइटी सिटी योजना का शुभारंभ करने के साथ वह लामार्टीनियर कालेज से जी-20 रोड तक फ्लाईओवर निर्माण का शिलान्यास भी कर सकते हैं। एलडीए ने कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली है। इसके अलावा बाढ़ से राहत दिलाने के लिए बंधे और पंपिंग स्टेशनों की योजनाओं को भी आगे बढ़ाया जाएगा। एलडीए ने कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी हैं।
लामार्टीनियर से जी-20 रोड तक बनेगा 2300 मीटर लंबा फ्लाईओवर
एलडीए का ग्रीन कॉरिडोर के तीसरे चरण में गोमती नदी तरफ लामार्टीनियर कालेज से आर्मी लैंड होते हुए जी-20 रोड तक 2300 मीटर लंबा फ्लाईओवर प्रस्तावित है। इसके निर्माण में 315 करोड़ रुपये से खर्च होंगे। इस महत्वाकांक्षी योजना का शिलान्यास हुआ तो निर्माण 23 से 28 नवंबर के बीच शुरू हो जाएगा। इसके बनने से 1090 चौराहे से इकाना स्टेडियम, एयरपोर्ट व अयोध्या रोड सीधा आनाजाना आसान हो जाएगा। एलडीए ने निर्माण के लिए पिछले वर्ष टेंडर जारी किया था। साथ ही ग्रीन कॉरिडोर के दूसरे चरण में डालीगंज ओवरब्रिज का लोकार्पण व बांध का शिलान्यास किया जाएगा।
बाढ़ से बचाव के लिए बनेंगे पांच पंपिंग स्टेशन
इसी तरह फैजुल्लागंज में गोमती नदी की बाढ़ का पानी को रोकने के लिए एलडीए 180 करोड़ से 5.50 किमी का बंधा निर्माण करेगा। इसका भूमि पूजन व शिलान्यास भी रक्षामंत्री व मुख्यमंत्री करेंगे। साथ ही फैजुल्लागंज और गोमती नगर विस्तार क्षेत्र में गोमती की बाढ़ से बचाने के लिए 148 करोड़ के पांच बाढ़ पंपिंग स्टेशन निर्माण के लिए भूमि पूजन होगा।
आईटी सिटी में किसानों को मिलेंगे भूखंडों के स्वीकृति पत्र
वहीं, सुलतानपुर रोड स्थित आईटी सिटी योजना का शुभारंभ करके लैंड पूलिंग के तहत जमीन देने वाले किसानों को उसी योजना में आवंटित भूखंडों के स्वीकृत पत्र बांटे जाएंगे। साथ ही आम लोगों के लिए भूखंडों का पंजीयन खोला जाएगा। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारी तेज कर दी है। साथ ही बसंतकुंज योजना में प्रधानमंत्री आवास पाने वालों को आवंटन पत्र भी दिया जाएगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com