गांवों में छिपी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन के नक्शे पर लाने की तैयारी तेज हो गई है। प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को गांवों तक विस्तार देने की तैयारी है। इसके तहत फतेहपुर जिले के जहानाबाद स्थित करीब 300 साल पुराने पासी बाबा मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। करीब एक करोड़ रुपये की लागत से हो रहे विकास कार्य 90 फीसदी से अधिक पूरे हो चुके हैं।
यात्री शेड से लेकर इंटरलॉकिंग रास्तों तक की सुविधा
नवंबर के अंत तक परियोजना पूरी करने का लक्ष्य है। पर्यटन विभाग की ओर से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए यात्री शेड, आवागमन के लिए इंटरलॉकिंग रास्ते, दिशा-सूचक बोर्ड और स्वच्छता की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे दूसरे जिलों और राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी।
गांवों के धार्मिक स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर लाने की तैयारी
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि सरकार बड़े तीर्थस्थलों के साथ गांवों में स्थित प्राचीन और कम चर्चित धार्मिक स्थलों को भी पर्यटन मानचित्र पर ला रही है। इससे स्थानीय कारोबारियों, कारीगरों और सेवा क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए रोजगार और आय के अवसर बढ़ेंगे। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
बुद्ध पूर्णिमा पर जुटते हैं 50 हजार श्रद्धालु
जहानाबाद के विधायक राजेंद्र सिंह पटेल के मुताबिक, पासी बाबा मंदिर में विभिन्न समुदायों के लोगों की गहरी आस्था है। इसमें आसपास के क्षेत्रों के साथ दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। अनुमान के मुताबिक, मेले में करीब 50 हजार लोग शामिल होते हैं। ऐसे में मंदिर का विकास होने से श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं के संरक्षण पर जोर
अपर मुख्य सचिव पर्यटन अमृत अभिजात ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के धार्मिक स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं विकसित करने के साथ उनकी सांस्कृतिक पहचान और स्थानीय परंपराओं को संरक्षित रखने पर भी जोर दिया जा रहा है। पासी बाबा मंदिर का विकास इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal