Saturday , November 7 2026

CM योगी ने नौकरी को लेकर की ये बड़ी घोषणा : 25 हजार शिक्षकों और 12 सौ राजस्व कर्मियों को जल्द मिलेंगे नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश पुलिस में चयनित 4,543 उपनिरीक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए कहा जल्द ही करीब 25 हजार शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाने की घोषण की है। इसके अलावा, दीपावली के ठीक बाद भैयादूज के अगले दिन राजस्व विभाग के 1,200 से अधिक नवचयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
आवेदन कोई करता था, परीक्षा कोई और देता था
प्रदेश में अब भाई-भतीजावाद नहीं चलेगा। 25 करोड़ जनता ही सरकार का परिवार है और हर युवा को योग्यता व मेरिट के आधार पर समान अवसर मिलेगा। उन्होंने विपक्षी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले स्थिति यह थी कि आवेदन कोई करता था, परीक्षा कोई और देता था और नौकरी किसी तीसरे को मिल जाती थी।
युवाओं को नियुक्ति पत्र देना कोई एहसान या कृपा नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की तरफ से युवाओं को नियुक्ति पत्र देना कोई एहसान या कृपा नहीं है, बल्कि यह सरकार का प्राथमिक कर्तव्य है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए दावा किया कि वर्ष 2017 में जब उनकी सरकार बनी थी। तब राज्य कर्मचारियों को समय पर वेतन देने के लिए भी संसाधनों की भारी कमी हुआ करती थी। इसके विपरीत, आज उत्तर प्रदेश सरकार की वित्तीय स्थिति इतनी मजबूत है कि जरूरत पड़ने पर वह एक वर्ष तक लगातार अपने कर्मचारियों को वेतन देने का सामर्थ्य रखती है।
वर्ष 2003 से 2017 के बीच हुई कई भर्तियों में अनियमितताओं के मामले न्यायालयों में लंबित
मुख्यमंत्री योगी ने लखनऊ पुलिस लाइन में नवचयनित अभ्यर्थियों से संवाद करते हुए पूछा कि क्या किसी को चयन के लिए सिफारिश कराने की जरूरत पड़ी, किसी ने लेन-देन या धनराशि का प्रस्ताव दिया अथवा किसी ने धौंस दिखाकर नियुक्ति हासिल करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में ऐसी स्थिति की कल्पना भी नहीं की जा सकती। वर्ष 2003 से 2017 के बीच हुई कई भर्तियों में अनियमितताओं के मामले आज भी न्यायालयों में लंबित हैं। योगी ने कहा कि जिन सैफई सिंडीकेट और बेईमान लोगों ने युवाओं के जीवन से खिलवाड़ किया, उनकी संपत्ति जब्त होनी चाहिए।
2.30 लाख अधिकारियों और कार्मिकों की भर्ती
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में अकेले पुलिस बल में 2.30 लाख अधिकारियों और कार्मिकों की भर्ती पारदर्शी तरीके से की गई है। विभिन्न विभागों में सरकारी भर्तियों की संख्या 9.5 लाख से अधिक हो चुकी है। सरकार ने छह माह में एक लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का संकल्प लिया है। 42 हजार होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि पुलिस में 32 हजार कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर सत्यापन कराया जा रहा है।
योगी ने पुलिस सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब 56 जिलों में आधुनिक बहुमंजिला पुलिस आवास, एक साथ 60 हजार प्रशिक्षुओं की क्षमता वाले प्रशिक्षण केंद्र और हर जिले में साइबर थाना है। सात जिलों में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू है। कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायकगण, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, डीजीपी राजीव कृष्ण और एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने मंच से 15 अभ्यर्थियों को दिए नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री ने 4,543 नवचयनित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों के अभ्यर्थियों में से 15 को मंच पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें अंशु गंगवार, अभय यादव, रवि प्रताप कुशवाहा, प्राची सविता, साक्षी गोंड, रंजीत खरवार, अभिषेक कुमार पाल, अनूप कुमार मौर्य, अजहरुद्दीन खान, निलय मिश्रा, फरहत जहां, श्वेता भदौरिया, आशुतोष राय, अमित कुमार दुबे और मयंक शाक्य शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com