भारतीय राजनीति में कुछ घटनाएं ऐसी होती हैं, जिनका महत्व उनके प्रत्यक्ष घटनाक्रम से कहीं ज्यादा होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र की राजनीति के दिग्गज नेता शरद पवार के बीच हुई फोन पर बातचीत भी कुछ ऐसी ही है। प्रधानमंत्री मोदी ने शरद पवार से कहा कि आप अपनी सेहत का ध्यान रखिए, सुप्रिया सुले तैयार हैं, देश की चिंता हम दोनों कर लेंगे। सुनने में यह एक आत्मीय संवाद है, लेकिन इसके भीतर छिपे राजनीतिक संकेतों को नजरअंदाज करना आसान नहीं है। दरअसल, महाराष्ट्र की राजनीति में पिछले कुछ समय से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुटों के एक होने की चर्चाएं तेज हैं। एक तरफ सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाला एनसीपी गुट है, जो पहले से ही भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए का हिस्सा है। दूसरी तरफ शरद पवार की एनसीपी (एसपी) है, जो विपक्षी गठबंधन INDIA के साथ खड़ी रही है। ऐसे में प्रधानमंत्री का शरद पवार से संवाद और उसमें सुप्रिया सुले का विशेष उल्लेख राजनीतिक गलियारों में नई संभावनाओं के दरवाजे खोल रहा है।
क्या एनडीए में आएंगे शरद पवार?
देखा जाये तो शरद पवार भारतीय राजनीति के उन नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने सत्ता के गलियारों में कई दशक बिताए हैं। उनकी राजनीतिक समझ, महाराष्ट्र के सहकारी क्षेत्र पर प्रभाव और मराठा राजनीति में उनकी पकड़ आज भी महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री मोदी भी कई मौकों पर शरद पवार के राजनीतिक अनुभव और क्षमताओं की सराहना कर चुके हैं। अब सवाल यह है कि क्या मोदी की इस पहल के पीछे महाराष्ट्र में एनडीए को और मजबूत करने की कोई बड़ी रणनीति है? माना जा रहा है कि यदि शरद पवार अपनी पार्टी के साथ एनडीए में आते हैं तो यह केवल एक राजनीतिक दल का गठबंधन बदलना नहीं होगा, बल्कि महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़े राजनीतिक अध्याय का अंत और नए अध्याय की शुरुआत होगी।
सुनेत्रा पवार और शरद पवार के गुट साथ आए तो क्या होगा?
फिलहाल सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाला एनसीपी गुट एनडीए के साथ है। यदि शरद पवार का एनसीपी (एसपी) भी इस गठबंधन में शामिल होता है तो महाराष्ट्र में एनसीपी की दोनों राजनीतिक धाराएं एक ही सत्ता पक्ष के साथ आ जाएंगी। इसका सबसे बड़ा फायदा एनडीए को होगा। उसे महाराष्ट्र में मराठा समाज और ग्रामीण राजनीति के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने का अवसर मिलेगा। शरद पवार का राजनीतिक अनुभव और सुप्रिया सुले की संसदीय सक्रियता एनडीए के लिए अतिरिक्त राजनीतिक ताकत बन सकती है। लेकिन इस एकीकरण की राह आसान नहीं होगी। सबसे बड़ा सवाल नेतृत्व और राजनीतिक वर्चस्व का होगा। सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाले गुट की अपनी संगठनात्मक पहचान है, जबकि शरद पवार का गुट अपने संस्थापक नेता की राजनीतिक विरासत और कार्यकर्ताओं के आधार पर खड़ा है। दोनों को एक साथ लाने के लिए सत्ता, संगठन, चुनावी टिकट और नेतृत्व में संतुलन बनाना होगा।
INDIA गठबंधन को लगेगा बड़ा राजनीतिक झटका!
साथ ही यदि शरद पवार एनडीए के साथ आते हैं तो विपक्षी गठबंधन INDIA के लिए यह महाराष्ट्र में बड़ा झटका होगा। शरद पवार केवल एक क्षेत्रीय नेता नहीं हैं, बल्कि विपक्षी एकजुटता की कोशिशों में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है। सुप्रिया सुले भी विपक्षी गठबंधन की प्रमुख संसदीय आवाजों में शामिल रही हैं। ऐसे में यदि पवार परिवार का राजनीतिक आधार एनडीए के साथ चला जाता है तो कांग्रेस और उद्धव ठाकरे की शिवसेना के सामने महाराष्ट्र में नई चुनौती खड़ी हो सकती है। विपक्षी गठबंधन का एक महत्वपूर्ण राजनीतिक स्तंभ कमजोर होगा और इसका संदेश राष्ट्रीय स्तर पर भी जाएगा। देखा जाये तो इस पूरे घटनाक्रम का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीतिक मतभेदों के बावजूद शरद पवार के साथ संवाद का रास्ता खुला रखा है। यह भाजपा की उस राजनीतिक रणनीति का हिस्सा भी हो सकता है, जिसमें विरोधी खेमे के प्रभावशाली नेताओं के साथ संवाद और नए राजनीतिक समीकरणों की संभावनाओं को महत्व दिया जाता है। हालांकि, अभी न तो शरद पवार ने एनडीए में शामिल होने की घोषणा की है और न ही दोनों एनसीपी गुटों के विलय पर कोई अंतिम मुहर लगी है। बहरहाल, इतना तय है कि मोदी और पवार के बीच हुई इस बातचीत ने महाराष्ट्र की राजनीति में अटकलों को नई हवा दे दी है। यदि आने वाले दिनों में दोनों एनसीपी गुट एक साथ आते हैं और शरद पवार भी एनडीए का हिस्सा बनते हैं, तो महाराष्ट्र में भाजपा की राजनीतिक स्थिति और मजबूत हो सकती है। आने वाला वक्त बतायेगा कि क्या मोदी महाराष्ट्र में पवार परिवार की पूरी राजनीतिक ताकत को एक मंच पर लाकर विपक्ष के सामने एक ऐसी चुनौती खड़ी करने जा रहे हैं, जिसका असर 2029 के लोकसभा चुनाव तक दिखाई दे सकता है?
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal