भारतीय पैरा तीरंदाज शीतल देवी ने एशियाई पैरा खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला कंपाउंड क्वालिफिकेशन राउंड में विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। सोमवार को उन्होंने 720 में से 704 अंक हासिल किए। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने नया एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया। शीतल और पायल के संयुक्त स्कोर की बदौलत भारतीय महिला कंपाउंड टीम क्वालिफिकेशन में शीर्ष स्थान पर रही और सीधे सेमीफाइनल में पहुंच गई। जम्मू-कश्मीर की 19 वर्षीय शीतल देवी ने अपने 72 तीरों में से 57 पर पूरे 10 अंक हासिल किए। इनमें 32 निशाने लक्ष्य के सबसे भीतरी स्कोरिंग क्षेत्र यानी एक्स पर लगे। पेरिस पैरालंपिक की कांस्य पदक विजेता शीतल ने इसी साल मार्च में बनाए अपने 698 अंकों के एशियाई रिकॉर्ड को छह अंक से बेहतर किया।
तुर्किये की तीरंदाज के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी
विश्व रिकॉर्ड की बात करें तो तुर्किये की ओजनुर गिरदी ने 2024 के पेरिस पैरालंपिक में 704 अंक हासिल कर यह रिकॉर्ड बनाया था। शीतल ने नागोया में इतने ही अंक हासिल कर उनके रिकॉर्ड की बराबरी की। एशियाई खेलों की मौजूदा चैंपियन शीतल ने 2023 में हांगझोउ में आयोजित एशियाई पैरा खेलों में बनाए अपने 680 अंकों के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। उस प्रतियोगिता में उन्होंने व्यक्तिगत और मिश्रित टीम स्पर्धाओं में दो स्वर्ण पदक तथा युगल स्पर्धा में रजत पदक जीता था।
पायल के साथ भारत क्वालिफिकेशन में नंबर-1
एशियाई खेलों में पहली बार हिस्सा ले रहीं पायल ने महिला कंपाउंड क्वालिफिकेशन राउंड में 675 अंक हासिल किए और पांचवें स्थान पर रहीं। शीतल के 704 और पायल के 675 अंकों को मिलाकर भारत का संयुक्त स्कोर 1,379 रहा। इस स्कोर के साथ भारतीय टीम क्वालिफिकेशन तालिका में पहले स्थान पर रही। nचीन की टीम 1,338 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने सीधे सेमीफाइनल में जगह बना ली।
सेमीफाइनल में थाईलैंड या कजाकिस्तान से हो सकता है मुकाबला
भारतीय जोड़ी का सामना सेमीफाइनल में पांचवीं वरीयता प्राप्त थाईलैंड और चौथी वरीयता प्राप्त कजाकिस्तान के बीच होने वाले क्वार्टरफाइनल मुकाबले के विजेता से होगा। भारतीय टीम की नजरें अब इस प्रदर्शन को पदक में बदलने पर रहेंगी।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal