भारतीय मुक्केबाज प्रिया घंघास बुधवार को यहां एशियाई खेलों की मुक्केबाजी प्रतियोगिता के महिलाओं के 60 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में चीन की पूर्व विश्व चैंपियन यांग चेंग्यू से हार गई और इस तरह से उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। एशियाई खेलों में पदार्पण कर रही 20 वर्षीय प्रिया अपने कहीं अधिक अनुभवी चीनी प्रतिद्वंद्वी से 1-4 से हार गईं। भारतीय मुक्केबाजों ने पिछले एशियाई खेलों में एक रजत और तीन कांस्य पदक जीते थे लेकिन इस बार उसने छह पदक पक्के कर रखे हैं। परवीन हुड्डा (65 किलोग्राम) और अंकुश पंघाल (80 किलोग्राम) पहले ही फाइनल में जगह बना चुके हैं और शुक्रवार को खिताबी मुकाबले में उतरेंगे। सुपर हेवीवेट मुक्केबाज नरेंदर बेरवाल ने मंगलवार को कांस्य पदक के साथ अपने अभियान का समापन किया। ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा) और कपिल पोखरिया (90 किग्रा) दिन में बाद में अपने अपने सेमीफाइनल मुकाबले में उतरेंगे।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal