मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ग्रेटर नोएडा में चल रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और कारीगरी की ताकत दिखाई दे रही है। 25 से 29 सितंबर तक चल रहे ट्रेड शो में 90 देशों के खरीदार पहुंचे हैं। गोरखपुर के टेराकोटा उत्पाद भी प्रदर्शित किए जा रहे हैं। सोमवार को गोरखपुर के दिग्विजयनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बाल मेला सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना और प्रति व्यक्ति आय भी तीन गुना हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।
9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि साढ़े नौ वर्षों में 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई, जिनमें 2.30 लाख नियुक्तियां पुलिस विभाग में हुईं। अगले सप्ताह 500 खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी की सीधी भर्ती शुरू की जाएगी। अब तक 550 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि 2017 से पहले करीब 130 स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या 24 हजार से अधिक हो गई है। विद्यार्थियों से संवाद में मुख्यमंत्री ने कहा कि एआई उत्तर दे सकता है, लेकिन सवाल करना नहीं सिखा सकता। उन्होंने बच्चों को जिज्ञासु बनने, मेहनत करने और खेल-कूद व भ्रमण के जरिए प्रकृति, संस्कृति और विरासत को समझने की सलाह दी।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal