Go Smart कार्ड के साथ लखनऊ मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर आई है। लखनऊ मेट्रो के यात्री गो स्मार्ट कार्ड को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) में 2 अक्टूबर तक बदल सकेंगे। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल निगम (UPMRC) ने सोमवार को इसकी घोषणा की। यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने स्मार्ट कार्ड बदलने की अवधि 17 सितंबर से बढ़ाकर 2 अक्टूबर कर दी है। कार्ड बदलवाने में कोई शुल्क नहीं लगेगा।
सोमवार से शुरू हुई कार्ड बदलने की सुविधा
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि एनसीएमसी से यात्रियों का आवागमन आसान होगा। मौजूदा गो स्मार्ट कार्ड धारकों को मुफ्त बदलाव का अतिरिक्त अवसर दिया गया है। नया एनसीएमसी कार्ड सभी मेट्रो स्टेशनों पर एयरटेल पेमेंट्स बैंक काउंटर/कियोस्क से 100 रुपये शुल्क में मिलेगा।
गो स्मार्ट कार्ड में उपलब्ध बैलेंस खत्म करने पर नया कार्ड
यात्रियों को पहले गो स्मार्ट कार्ड में उपलब्ध पूरी शेष राशि का उपयोग करना होगा। इसके बाद मेट्रो स्टेशन के टिकट काउंटर पर पुराने कार्ड का सत्यापन कराने पर सरेंडर रसीद मिलेगी। पुराना कार्ड और रसीद एयरटेल पेमेंट्स बैंक कियोस्क पर जमा करने के बाद मोबाइल ओटीपी सत्यापन से नया एनसीएमसी कार्ड जारी किया जाएगा।
गो स्मार्ट कार्ड, टूरिस्ट कार्ड और सुपर सेवर कार्ड होंगे बंद
एनसीएमसी कार्ड से लखनऊ मेट्रो में हर यात्रा पर 10 प्रतिशत छूट मिलेगी। साथ ही इसका इस्तेमाल एनसीएमसी स्वीकार करने वाली देशभर की मेट्रो, बस, पार्किंग और रिटेल सेवाओं में किया जा सकेगा। कार्ड से यात्रा के लिए अलग से टिकट लेने की जरूरत नहीं होगी।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal