श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बुधवार को तीन नए सदस्यों की नियुक्ति की है। नए ट्रस्टियों में दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के मदन मोहन पांडे और शिकोहाबाद की निर्मला यादव शामिल हैं। इनमें से एक सदस्य को विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के दिवंगत नेता अशोक सिंघल का रिश्तेदार बताया जा रहा है। नई नियुक्तियां ऐसे समय हुई हैं, जब कुछ महीने पहले राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी को लेकर विवाद सामने आया था। इस मामले के बाद मंदिर के रोजमर्रा के प्रबंधन से लेकर दान और उपहारों के व्यवस्थित रखरखाव तक व्यवस्था में बदलाव की मांग उठी थी।
चढ़ावा विवाद के बाद प्रबंधन में बदलाव की कवायद
राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी को लेकर हुए विवाद के बाद ट्रस्ट के कामकाज और प्रबंधन व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे। इस मामले में आठ लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। विवाद के बीच चंपत राय के महासचिव पद से इस्तीफा देने की भी बात सामने आई थी। अब ट्रस्ट में तीन नए सदस्यों की नियुक्ति और पहले सीईओ के चयन की प्रक्रिया को मंदिर प्रशासन को और व्यवस्थित एवं पेशेवर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal