Thursday , August 20 2026

Amit Shah से मिले तमिलनाडु सीएम Vijay, चेन्नई में मुलाकात हुई, क्षेत्रीय परिषद बैठक से पहले चर्चा

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। यह मुलाकात दक्षिणी राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक से पहले हुई, जिसमें महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय और राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अमित शाह बृहस्पतिवार को चेन्नई के बाहरी इलाके कोवलम स्थित समुद्र तट के पास एक रिसॉर्ट में होने वाली दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की 31वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, केरलम के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार और कर्नाटक के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन शामिल होंगे। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार रात मुख्यमंत्री विजय ने अमित शाह से मुलाकात की, जिसे उन्होंने शिष्टाचार भेंट बताया। मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद विजय की केंद्रीय गृह मंत्री के साथ यह पहली मुलाकात है। अमित शाह ने विजय के साथ हुई मुलाकात की तस्वीर भी साझा की। बृहस्पतिवार को बैठक समाप्त होने के बाद अमित शाह मामल्लापुरम स्थित प्राचीन तट मंदिर परिसर भी जाएंगे। दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरलम, तमिलनाडु और तेलंगाना के साथ-साथ केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप शामिल हैं। केंद्र सरकार के अनुसार, यह परिषद केंद्र और सदस्य राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के बीच मुद्दों और विवादों के समाधान के लिए एक प्रभावी मंच के रूप में काम करती है। कर्नाटक-तमिलनाडु, तेलंगाना-आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु-केरलम के बीच लंबे समय से नदी जल बंटवारे को लेकर विवाद है। केंद्र ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि परिषद की बैठकों में राष्ट्रीय महत्व के व्यापक मुद्दों पर भी चर्चा की जाती है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com