Tuesday , August 18 2026

PRD जवानों पर उपहारों की बारिश करेंगे सीएम योगी, वर्दी भत्ते से कैशलेस इलाज तक कई सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को गोरखपुर में आयोजित पीआरडी जवानों के सम्मेलन में प्रदेशभर के प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) स्वयंसेवकों को कई सौगात देंगे। योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में पूर्वाह्न 11 बजे होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पीआरडी जवानों के खातों में 3000 रुपये वर्दी भत्ता अंतरित करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पीआरडी जवानों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड वितरित करेंगे और ‘मुख्यमंत्री पीआरडी परिवार कल्याण योजना’ का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का भी रिमोट के जरिए शिलान्यास किया जाएगा।
395 से बढ़ाकर 500 रुपये हुआ ड्यूटी भत्ता
पीआरडी जवानों को सरकार ने पहले ही बड़ी राहत दी है। योगी सरकार ने उनका ड्यूटी भत्ता 395 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिदिन कर दिया है। इससे प्रदेशभर में ड्यूटी करने वाले पीआरडी स्वयंसेवकों को आर्थिक लाभ मिलेगा।
प्रदेश में 31 हजार से अधिक पीआरडी जवान पंजीकृत
प्रदेश में वर्तमान में 31,130 पीआरडी जवान पंजीकृत हैं। इनमें करीब 2,500 महिलाएं शामिल हैं। 29 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवक वर्तमान में सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। पीआरडी जवान पुलिस के सहयोग से कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यातायात नियंत्रण के साथ सरकारी कार्यालयों, धार्मिक स्थलों और बड़े आयोजनों में भी उनकी ड्यूटी लगाई जाती है।
जवानों के परिवारों को भी मिलेगा योजना का लाभ
‘मुख्यमंत्री पीआरडी परिवार कल्याण योजना’ के जरिए जवानों और उनके परिवारों को कल्याणकारी सुविधाओं से जोड़ने की तैयारी है। वहीं कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड से उपचार के दौरान आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को पीआरडी स्वयंसेवकों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें आर्थिक लाभ के साथ स्वास्थ्य सुविधा और आवासीय व्यवस्था से जुड़ी योजनाओं की भी शुरुआत होगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com