Thursday , May 14 2026

राष्ट्रीय लोक अदालत में रिकॉर्ड 2.44 लाख वाद सुलझे, स्टाम्प वादों में 84.40 लाख रुपये की देयता तय

कानपुर नगर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान रिकॉर्ड संख्या में वादों का निस्तारण किया गया। जिला जज अनमोल पाल की अध्यक्षता तथा नोडल अधिकारी रश्मि सिंह एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अभिनव तिवारी के निर्देशन में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 2,44,068 वादों का निस्तारण कर 12.44 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि दिलाई एवं वसूल की गई। जिला जज पाल ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन को त्वरित, सुलभ एवं सौहार्दपूर्ण न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वादों के निस्तारण से लोगों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिलती है तथा आपसी समझौते के जरिए विवादों का स्थायी समाधान संभव हो पाता है। राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, वैवाहिक वाद, सिविल वाद, मोटर दुर्घटना दावा वाद, राजस्व वाद, आर्बिट्रेशन वादों के साथ-साथ बैंक एवं बीमा कंपनियों के प्री-लिटिगेशन मामलों का भी निस्तारण किया गया। कार्यक्रम के दौरान मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (साउथ) द्वारा 50 वादों तथा मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (नार्थ) द्वारा 46 वादों का निस्तारण किया गया। वहीं प्रधान न्यायाधीश, पारिवारिक न्यायालय ने सात मामलों तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय ने 38,297 वादों का निस्तारण किया। जिला न्यायालय कानपुर नगर के न्यायिक अधिकारियों द्वारा कुल 81,987 वादों का निस्तारण कर 7 करोड़ 97 लाख 92 हजार 712 रुपये की धनराशि दिलाई एवं वसूल की गई। वहीं प्री-लिटिगेशन स्तर पर बैंक एवं टेलीकॉम कंपनियों द्वारा 629 मामलों का निस्तारण कर 4 करोड़ 17 लाख 77 हजार 896 रुपये की वसूली की गई। इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रशासनिक विभागों द्वारा 1,61,446 वादों का निस्तारण किया गया। इस प्रकार पूरे जनपद में कुल 2,44,068 वादों का निस्तारण करते हुए 12 करोड़ 44 लाख 87 हजार 155 रुपये की धनराशि दिलाई एवं वसूल की गई।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com