Wednesday , May 6 2026

इतिहास रचने से एक कदम दूर Arsenal, Champions League Final में 20 साल बाद मिली एंट्री

बुकायो साका के पहले हाफ के आखिर में किए गए गोल की मदद से आर्सेनल ने मंगलवार को एटलेटिको मैड्रिड को सेमीफाइनल के दूसरे चरण में 1-0 से हराकर 20 साल में पहली बार चैंपियंस लीग फुटबाल टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई। खेल के 45वें मिनट में लिएंड्रो ट्रोसार्ड के शॉट को जान ओब्लाक ने बचा लिया, जिसके बाद साका ने रिबाउंड पर गोल दागकर आर्सेनल को सेमीफाइनल में कुल मिलाकर 2-1 की बढ़त दिला दी। सेमीफाइनल का पहला चरण 1-1 से बराबर रहा था। बढ़त हासिल करने के बाद आर्सेनल की रक्षापंक्ति ने उसे बरकरार रखने में अहम भूमिका निभाई। आर्सेनल ने अब तक तीनों नॉकआउट राउंड में अपने घरेलू मैदान पर एक भी गोल नहीं खाया है। टीम ने लीग चरण में अपने सभी आठ मैच जीतकर प्रतियोगिता में सबसे कम चार गोल खाए थे। यूरोप की शीर्ष क्लब प्रतियोगिता में आर्सेनल का यह केवल दूसरा फाइनल होगा। इससे पहले वह 2006 में फाइनल में पहुंचा था लेकिन तब बार्सिलोना से हार गया था। इस बार फाइनल में उसका सामना 30 मई को हंगरी के बुडापेस्ट में मौजूदा चैंपियन पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) या बायर्न म्यूनिख से होगा। पीएसजी ने सेमीफाइनल के पहले चरण में 5-4 से जीत हासिल की थी। आर्सेनल के लिए यह सत्र विशेष हो सकता है क्योंकि वह चैंपियंस लीग का चैंपियन बनने की बेहद करीब है। इसके अलावा वह प्रीमियर लीग में खिताब जीतने की दौड़ में सबसे आगे है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com