अक्षय तृतीया का पावन पर्व राजधानी में अपार श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक आस्था के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठान आयोजित किए गए, जहां श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की कतारें देखी गईं। अखिल भारतीय ब्रह्म समाज की ओर से अलीगंज स्थित नया हनुमान मंदिर परिसर में 135 बटुकों का सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार कराया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरे विधि-विधान से संस्कार हुआ। अक्षय तृतीया के अवसर पर भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम का जन्मोत्सव भी धूमधाम से मनाया गया। विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने इस उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किए, जिनमें भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण हुआ। सहालग और अक्षय तृतीया के चलते सराफा बाजारों में विशेष चहल-पहल देखने को मिली। हालांकि सोने की कीमतों में वृद्धि के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। कई ग्राहकों ने हल्के वजन के आभूषण खरीदे, तो कुछ ने पुरानी ज्वेलरी को बदलकर नई खरीदारी की।
ज्योतिषाचार्य एसएस नागपाल ने बताया कि अक्षय तृतीया को अबूझ मुहूर्त माना जाता है, इसलिए इस दिन लोग विवाह, गृह प्रवेश और नए कार्यों की शुरुआत को विशेष शुभ मानते हैं। शाम तक प्रमुख बाजारों में भारी भीड़ रही, जिससे पर्व का उल्लास साफ झलकता रहा।
जैन मंदिरों में श्रद्धा और उत्साह के साथ मना अक्षय तृतीया महापर्व
अक्षय तृतीया पर दिगम्बर जैन मंदिरों में जैन समाज ने तीर्थंकर ऋषभदेव के प्रथम आहार दिवस पर गन्ने के रस (इक्षु रस) का वितरण किया। डालीगंज मंदिर अखिल भारतवर्षीय दिगम्बर जैन युवा परिषद ने के आयोजन में संयुक्त पुलिस आयुक्त अपर्णा कुमार मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने ऋषभदेव के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलन किया। परिषद के अध्यक्ष आदीश कुमार जैन, महामंत्री रीतेश जैन (पुस्तक वाटिका), कार्याध्यक्ष वीर कुमार जैन, मंत्री वीर कुमार जैन, राजू जैन, मीडिया प्रभारी पारस जैन एडवोकेट, चारू जैन, अनंतमती बाई, रूबी जैन, बिब्बो जैन, स्मृति जैन, सीमा जैन, शैली जैन, रेशू जैन और मीनू जैन मौजूद रहे। गोमतीनगर जैन मंदिर में शुरुआत ऋषभदेव के अभिषेक और विशेष शांतिधारा से हुई। मुख्य शांतिधारा पीसी जैन एवं डॉ. सारांश जैन के परिवार ने की। मंदिर के मंत्री आलोक जैन ने अक्षय तृतीया के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. सारांश एवं डॉ. तनुप्रिया जैन परिवार ने श्रद्धालुओं को इक्षु रस वितरित किया। संदीप जैन, रचित, अमित, विनय कपूर, जय कुमार, प्रकाश चंद, राकेश और दीपक मौजूद रहे।
51 बटुकों का हुआ उपनयन संस्कार
अक्षय तृतीया के अवसर पर लेटे हुए हनुमान मंदिर समिति की ओर से कपीश्वर वैदिक गुरुकुल के नवप्रवेशित बाल ब्रह्मचारी 51 बटुकों का उपनयन संस्कार कराया गया। गुरुकुल प्रमुख डॉ. विवेक तांगड़ी का मानना है कि वेद विद्या पर किसी एक विशेष वर्ण का अधिकार नहीं है बल्कि ये सभी सनातन को मानने वाले वर्णों के लिए सुलभ है। जूना अखाड़े से स्वामी परमानंद गिरि, क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पंकज सिंह भदौरिया,, गौड़ ब्राह्मण सभा के ऋद्धि किशोर गौड़, खत्री सभा से अजय मेहरोत्रा, इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन के राष्ट्रीय पदाधिकारी अलकेश सोती, अग्रवाल सभा लखनऊ से आशीष अग्रवाल, पंजाबी एसोसिएशन से सुरेंद्र सूदन श्रद्धालु मौजूद रहे।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal