मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भारतेंदु नाट्य अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में ‘आनंद मठ’ की नाट्य प्रस्तुति देखी और कलाकारों की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने अकादमी के संपूर्ण भवन व दोनों प्रेक्षागृहों के जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कलाविदों और अकादमी के पूर्व छात्रों को सम्मानित किया। साथ ही ‘रंगवेद’ पत्रिका का विमोचन किया और प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम की शुरुआत में अकादमी के अध्यक्ष डॉ. रतिशंकर त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। इस दौरान एक भावुक क्षण भी देखने को मिला, जब मंच पर पहुंची एक नन्ही बच्ची ने मुख्यमंत्री के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने बच्ची का उत्साहवर्धन करते हुए उसे चॉकलेट भेंट की, जिससे वहां मौजूद लोगों में खुशी का माहौल बन गया। मुख्यमंत्री ने बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के उपन्यास ‘आनंद मठ’ पर आधारित प्रस्तुति को सराहते हुए कहा कि इस तरह के नाट्य मंचन राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कलाकारों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता बताई। यह आयोजन न केवल कला और संस्कृति के संरक्षण का प्रतीक बना, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का भी माध्यम साबित हुआ। इस दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, पर्यटन-संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक योगेश शुक्ल, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मांडवी सिंह समेत अनेक रंगकर्मी, पूर्व छात्र आदि मौजूद रहे।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal