महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर योगी सरकार का ‘मिशन शक्ति 5.0’ दूसरे चरण में पहुंच गया है। इसके तहत शनिवार को प्रदेशभर में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महिला कल्याण विभाग द्वारा नवरात्र के अवसर पर ग्राम, ब्लॉक और जनपद स्तर पर एक साथ मोबाइल वैन, कैंप और स्टॉल के जरिए महिलाओं और बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। यह अभियान 20 अप्रैल तक प्रतिदिन संचालित होगा। निदेशक डॉ. वंदना वर्मा के अनुसार, अभियान के तहत गांव-गांव तक पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। घरेलू हिंसा, महिला सुरक्षा और सहायता तंत्र के बारे में जागरूक किया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रमों में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों घरेलू हिंसा अधिनियम, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न कानून और बाल संरक्षण कानूनों के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal