राजधानी में आशियाना क्षेत्र स्थित लोक बंधु राज नारायण संयुक्त चिकित्सालय, का नेत्र विभाग अब अत्याधुनिक तकनीक से लैस होगा। इसके लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ( आईओसीएल) द्वारा कार्पोरेट सोशल रिस्पांसबिलिटी (सीएसआर) योजना के तहत करीब 65 लाख रुपये की लागत से नए अत्याधुनिक नेत्र चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। सीएसआर फंड से अस्पताल को फेको मशीन, फंडस कैमरा, एनडी-यैग लेजर, इंडायरेक्ट ऑप्थाल्मोस्कोप और एलसीडी डिजिटल विजुअल एक्यूटी चार्ट जैसे अत्याधुनिक उपकरण प्राप्त हुए हैं। इनसे मोतियाबिंद ही नहीं, अन्य गंभीर नेत्र रोगों की जांच व इलाज और अधिक सटीक और प्रभावी तरीके से किया जा सकेगा। वर्तमान में अस्पताल में फेको विधि से मोतियाबिंद ऑपरेशन निःशुल्क किया जा रहा है । चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि अब लोक बंधु अस्पताल की ओटी, अन्य सरकारी अस्पतालों में सबसे हाईटेक होगी। जिसके बाद उन मरीजों की आंखों का इलाज अस्पताल में नि:शुल्क हो सकेगा, जिन्हें मेडिकल कॉलेज व उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करना पड़ता है। इससे लखनऊ और आसपास के जिलों के मरीजों को उच्च स्तरीय नेत्र चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी। इसके लिए उन्होंने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की यह पहल मरीजों के हित में है। जल्द ही ओटी में उपकरण स्थापित होते ही इलाज शुरू हो जाएगा।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal