Monday , February 16 2026

विशेष निगरानी में होगी बोर्ड की परीक्षा: सेंटर्स पर स्ट्रांग कंट्रोल रूम, होगी लाइव मॉनीटरिंग

सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं कल से देशभर में आरंभ हो रही है। पहली बार लखनऊ में इन परीक्षाओं का क्षेत्रीय कार्यालय बनाया जा रहा है जहां से लखनऊ समेत प्रदेश के 31 जिलों में परीक्षाओं की निगरानी की जाएगी। प्रयागराज के बाद गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र में दूसरा क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड कार्यालय के पास बनने वाले इस क्षेत्रीय कार्यालय में क्षेत्रीय अधिकारी का कार्यालय स्थापित होगा। इसके साथ ही जिला स्तर पर नामित नोडल अधिकारियों की बैठक के लिए भी यहीं व्यवस्था की जाएगी। सीबीएसई बोर्ड परीक्षा को लेकर लखनऊ में कुल 40 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिले में लगभग 45 हजार छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। 17 फरवरी से आरंभ होकर यह परीक्षाएं 9 अप्रैल तक चलेंगी। परीक्षा संचालन की प्राथमिक जिम्मेदारी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सौंपी गई है, जबकि कंट्रोल रूम के माध्यम से संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर कंट्रोल रूम होगा सक्रिय
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा को लेकर मंडल स्तरीय कंट्रोल रूम को सक्रिय किया जा रहा है। इसके अलावा निदेशालय में भी प्रदेश स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां से प्रदेश के सभी जिलों की परीक्षा की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा वर्ष 2026 के संचालन व्यवस्था के प्रभावी नियंत्रण के लिए संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय में मंडलीय नियंत्रण कक्ष सक्रिय होगा जो परीक्षा के शुरु होने से 24 घंटे पूर्व से परीक्षा समाप्ति तक हर समय सक्रिय रहेगा। मण्डल स्तरीय कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 0522-2254070 रहेगा।
बोर्ड परीक्षा के दौरान 24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रुम
मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि दोनों पालियों में होने वाली परीक्षाओं के लिए अलग-अलग मंडलीय कंट्रोल रूम प्रभारी व कंट्रोल रूम सदस्यों को नियुक्त किया गया है। ये लखनऊ समेत मंडल के सभी 6 जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा स्थापित जिला स्तरीय मॉनिटरिंग सेल (कंट्रोल रूम) से लगातार संपर्क बनाए रहेंगे। संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मंडल के सभी 6 जिलों के मॉनिटरिंग सेल प्रभारियों को जिलों में बनाये गए सभी परीक्षा केन्द्रों की निर्बाध लाइव स्ट्रीमिंग (वेबकास्टिंग) को अंतिम प्रश्नपत्र होने तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिसे राज्य स्तरीय मॉनिटरिंग सेल को भी साझा किया जाएगा।
कड़ी सुरक्षा के बीच नौ परीक्षा केंद्रों पर भेजे गए प्रश्नपत्र
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाओं को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए रविवार को माल थाना क्षेत्र में प्रश्नपत्र कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 9 परीक्षा केंद्रों पर भेजे गए। बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं जिसे लेकर कड़ी सतर्कता बरती जा रही है। सभी केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं और प्रश्नपत्र रविवार भेज दिए गए। देर रात तक केंद्र व्यवस्थापक प्रश्नपत्रों को सुरक्षित रखवाने की व्यवस्था में जुटे रहे। जैसे ही परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र पहुंचे सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई साथ ही परीक्षा केंद्रों की निगरानी भी कंट्रोल रूम से शुरू कर दी गई। थावर गांव स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय गवर्मेंट मॉडल इंटर कॉलेज में कड़ी सुरक्षा के बीच प्रश्नपत्रों को स्ट्रांग रूम में रखवाया गया। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा रही है।
इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी फोन कर जानें अच्छे अंक आने के तरीके
यूपी बोर्ड की परीक्षा में विज्ञान विषयों में अच्छे अंक लाने के लिए क्या करें, इस संबंध में सोमवार को विशेषज्ञ हेल्पलाइन नंबर पर तरीके बताएंगे। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से इंटरमीडिएट विज्ञान चेतना हेल्पलाइन नंबर 9415664679 पर शाम 3 से 5 बजे तक परीक्षार्थी भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित, अंग्रेजी विषय के संबंध में जानकारी ले सकते हैं। विशेषज्ञों की टीम संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक डॉ. प्रदीप कुमार के नेतृत्व में कार्य करेगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com