गोमती नदी पर जल्द टूरिस्ट क्रूज चलेगा। इसमें 200 लोग तक एक साथ सैर कर सकेंगे। क्रूज में कॉन्फ्रेंस हॉल, वीआईपी लाउंज, डिजिटल स्क्रीन व ओपन रेस्टोरेंट आदि की सुविधा मिलेगी। हनुमान सेतु के पास रिवर फ्रंट पर क्रूज का निर्माण शुरू हो गया है। रविवार को एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने निरीक्षण करके प्रोजेक्ट की प्रगति जानी। उपाध्यक्ष ने स्थल पर शुरू हुए कार्य देखे और संबंधित अधिकारियों को पांच माह में क्रूज का निर्माण पूरा करके संचालित करने के निर्देश दिए। बताया कि गोमती पर टूरिस्ट क्रूज के संचालन के लिए आरएफपी आमंत्रित की थी। क्रूज की लंबाई 45 मीटर और चौड़ाई 10 मीटर होगी। इसमें एक बार में 200 लोग सवार होकर नदी की सैर कर सकेंगे। क्रूज का संचालन हनुमान सेतु से गोमती बैराज के मध्य किया जाएगा। ये 30 से 45 मिनट में एक चक्कर पूरा करेगा। क्रूज के बेसमेंट में आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल, डिजिटल स्क्रीन व वीआईपी लाउंज होंगे। वहीं, ऊपरी हिस्से में ओपन रेस्टोरेंट की सुविधा होगी। क्रूज की सैर के लिए प्रति व्यक्ति 300 रुपये टिकट प्रस्तावित है। लंच, डिनर व बुफे आदि की सुविधा के लिए अलग से भुगतान करना होगा।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal