मिशन रोजगार के तहत शनिवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में चार स्थानों आईटीआई पाण्डु नगर, डीबीएस महाविद्यालय, नारायणा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स और दयानन्द गर्ल्स पीजी कॉलेज में वृहद रोजगार मेले आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इन मेलों के माध्यम से 2000 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप अवसर प्रदान किए जाएं तथा चयन प्रक्रिया पारदर्शी और परिणाममुखी हो। महिला अभ्यर्थियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए उपयुक्त रिक्तियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त उद्योग को 25 नियोजकों की सूची रिक्तियों सहित उपलब्ध कराने को कहा गया। सभी कंपनियों का पंजीकरण रोजगार संगम पोर्टल रोजगारसंगम.यूपी.जीओवी.इन (Rojgarsangam.up.gov.in) पर अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों और नियोजकों के डाटा का सटीक मिलान सुनिश्चित करने के लिए समेकित गूगल शीट तैयार की जाएगी तथा जॉबसीकर पंजीकरण हेतु क्यूआर कोड जारी कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। बैठक में ओवरसीज भर्ती के अंतर्गत इजराइल में चल रही चयन प्रक्रिया की समीक्षा की गई और उसे पारदर्शी ढंग से संचालित करने पर बल दिया गया। विभिन्न विभागों के समन्वय से रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। बैठक में सीडीओ दीक्षा जैन समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। संचालन सहायक निदेशक सेवायोजन उज्जवल कुमार सिंह ने किया।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal