Wednesday , February 11 2026

यूपी, दिल्ली में फिर बदला मौसम… झमाझम बारिश के बाद लौट आई ठंड, बर्फबारी-घना कोहरा, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बुधवार को बारिश हुई और उत्तरी भारत में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई, जिनमें जम्मू कश्मीर भी शामिल है, जहां भारी हिमपात के कारण पहले बंद किए गए राष्ट्रीय राजमार्ग को पूरी तरह से बहाल कर दिया गया था। अधिकारियों ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, वहीं राज्य के पूर्वी हिस्सों में भी कुछ वर्षा हुई। राज्य के दोनों क्षेत्रों में छिटपुट स्थानों पर गरज के साथ बूंदाबांदी हुई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बरेली सहित एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि हुई और दोनों मौसम उपखंडों में तेज हवाएं चलीं। गोरखपुर और अयोध्या मंडलों में रात के तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। लखनऊ, बरेली और आगरा मंडलों में भी तापमान में काफी वृद्धि दर्ज की गई, जबकि अन्य क्षेत्रों में तापमान लगभग अपरिवर्तित रहा। राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान बुलंदशहर में 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी पिछले 24 घंटों में बुधवार सुबह 8:30 बजे तक हल्की से मध्यम बारिश हुई, साथ ही गरज और आकाशीय बिजली भी गिरी। सबसे अधिक वर्षा 26 मिलीमीटर झालावाड़ जिले के मनोहर थाना में दर्ज की गई। इसके अलावा, राज्य के कई क्षेत्रों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। नागौर में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे कम है। मौसम विभाग ने बताया कि 28 जनवरी से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। उत्तर दिशा से चलने वाली तेज हवाओं के कारण तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। जम्मू कश्मीर में (जहां मंगलवार को कश्मीर में हुए ताजा हिमपात के कारण जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया था) वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर यातायात पूरी तरह से बहाल कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के कर्मचारियों ने सड़क पर जमी बर्फ को हटाने और सुरक्षित वाहन संचालन सुनिश्चित करने के लिए नमक और यूरिया का छिड़काव किया। राब मौसम के कारण राजमार्ग बंद होने से घाटी में फंसे लोगों (विशेषकर पर्यटकों) को राजमार्ग के फिर से खुलने से काफी राहत मिली है। इस बीच, मंगलवार को कश्मीर के अधिकांश स्थानों पर रात का तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे गिर गया। हालांकि, श्रीनगर में रात का तापमान उम्मीद से अधिक (0.1 डिग्री सेल्सियस) दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से थोड़ा अधिक था। कश्मीर में श्रीनगर शहर और बारामूला शहर (0.4 डिग्री सेल्सियस पर) ही ऐसे स्थान थे जहां रात का तापमान हिमांक बिंदु से ऊपर रहा। उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में स्थित गुलमर्ग और मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित सोनमर्ग, घाटी के सबसे ठंडे स्थान रहे और दोनों ही जगहों पर न्यूनतम तापमान शून्य से 9.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर का पहलगाम (जो वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविरों में से एक के रूप में भी कार्य करता है) में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। घाटी का प्रवेश द्वार माने जाने वाले शहर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जबकि कोकरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश में भारी हिमपात के कारण चार राष्ट्रीय राजमार्गों (एनएच) सहित 889 सड़कें यातायात के लिए अवरुद्ध रहीं। इस बीच, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात हुई, जबकि राज्य की मध्य और निचली पहाड़ियों में हल्की बारिश हुई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को थोड़ी राहत मिली और यहां न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से 4.2 डिग्री अधिक 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि, दिन बढ़ने के साथ ही दिल्ली में बुधवार को ठंड बढ़ गई और अधिकतम तापमान मौसम के औसत से 3.7 डिग्री कम 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा। स्टेशनवार आंकड़ों के अनुसार, पालम में अधिकतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 18 डिग्री सेल्सियस, रिज में 17.7 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 17 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि, बारिश का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) पर बहुत कम प्रभाव पड़ा। शाम चार बजे औसत एक्यूआई 255 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। मंगलवार को यह 294 था।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com